राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार के पैरा खिलाड़ियों का सम्मान, सोमन राणा और झंडू कुमार को मिलेगा पुरस्कार
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में गोल्ड-ब्रॉन्ज जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान, दोनों खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी मिलेगी

पटना। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बिहार के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शाम मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले पैरा खिलाड़ी सोमन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम शाम 5 बजे आयोजित होगा। इस दौरान सोमन राणा को 30 लाख रुपये और झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की खेल सम्मान राशि का चेक प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश राणा विक्रम सिंह की मौजूदगी रहेगी। क्रीड़ा भारती की ओर से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सेना में सेवा के दौरान पैर गंवाया, फिर जीता गोल्ड
गया निवासी सोमन राणा ने अपने खेल करियर की शुरुआत बॉक्सिंग से की थी। बाद में वे भारतीय सेना में शामिल हुए। वर्ष 2006 में जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेवा के दौरान लैंडमाइन विस्फोट में उन्होंने अपना दाहिना पैर गंवा दिया।
इस मुश्किल परिस्थिति के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और पैरा एथलेटिक्स को अपना करियर बनाया। लगातार मेहनत और अभ्यास के बाद उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पुरुष F57 शॉट पुट में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ सोमन राणा ने राष्ट्रमंडल खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी होने की उपलब्धि हासिल की।
पोलियो से प्रभावित होने के बावजूद हासिल किया कांस्य
नालंदा के हरनौत निवासी झंडू कुमार बचपन में पोलियो से प्रभावित हुए थे। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने खेल के प्रति अपना जुनून बनाए रखा और लगातार अभ्यास करते रहे।
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में झंडू कुमार ने पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता। उनकी संघर्ष और सफलता की कहानी कई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी है।
प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं सराहना
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण के अनुसार दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित किया है।
दोनों खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री की ओर से भी सराहना मिल चुकी है। ‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान झंडू कुमार की संघर्षपूर्ण यात्रा और उपलब्धि की विशेष रूप से प्रशंसा की गई थी।
दोनों खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी
बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सोमन राणा और झंडू कुमार निर्धारित सरकारी नियुक्ति के लिए पात्र हैं। सरकार की ओर से सम्मान राशि के साथ सरकारी नौकरी का अवसर मिलने से दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि को नई पहचान मिली है।
दोनों पैरा खिलाड़ियों की सफलता यह संदेश देती है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।




