विमान हादसे में साहसिक कार्य के लिए सम्मान: रांची की CISF डिप्टी कमांडेंट अर्चना रेशमा मिंज को राष्ट्रपति पुलिस पदक
अहमदाबाद एयर इंडिया AI-171 हादसे के करीब 20 मिनट बाद घटनास्थल पहुंचकर संभाला था राहत-बचाव अभियान; मलबे में फंसे डॉक्टर की जान बचाने में निभाई अहम भूमिका

रांची की रहने वाली CISF डिप्टी कमांडेंट अर्चना रेशमा मिंज को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वह अहमदाबाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
अर्चना रेशमा मिंज मूल रूप से रांची के कोनका, सिरमटोली की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2002 में SSC CGL-1999 के माध्यम से CISF में सब-इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। हैदराबाद में प्रशिक्षण के बाद उन्होंने कमांडो ट्रेनिंग भी हासिल की। सेवा के दौरान उन्होंने दिल्ली के IGI एयरपोर्ट, बेंगलुरु एयरपोर्ट, RTC बरवाहा और बोकारो स्टील प्लांट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारी निभाई।
अहमदाबाद विमान हादसे में दिखाई बहादुरी
उनके सेवा जीवन का सबसे उल्लेखनीय अध्याय 12 जून 2025 का अहमदाबाद एयर इंडिया AI-171 विमान हादसा रहा। हादसे के करीब 20 मिनट के भीतर अर्चना रेशमा मिंज घटनास्थल पर पहुंचीं और आग, धुएं तथा मलबे के बीच राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व किया।
इस दौरान उनके त्वरित निर्णय और साहसिक कार्रवाई ने राहत-बचाव कार्य को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मलबे में फंसे एक डॉक्टर की जान बचाने में भी उन्होंने अहम सहयोग किया।
अर्चना रेशमा मिंज को मिला यह सम्मान उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान माना जा रहा है। उनके इस उपलब्धि से रांची और झारखंड का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।




