राजस्थान निकाय चुनाव: 54,339 नामांकन पत्रों की आज होगी स्क्रूटनी, दोपहर 3 बजे बाद साफ होगी तस्वीर; जयपुर में 1,392 नामांकन
309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों के लिए 43,223 उम्मीदवारों ने दाखिल किए 54,339 नामांकन; 3 सितंबर को नाम वापसी के बाद जारी होगी अंतिम सूची

जयपुर। राजस्थान में 309 नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब आज सभी रिटर्निंग ऑफिसर अपने-अपने क्षेत्रों में दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच यानी स्क्रूटनी करेंगे। यह प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद यह स्पष्ट होने लगेगा कि कौन से उम्मीदवार चुनाव लड़ने के योग्य हैं और किनके नामांकन खारिज हुए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 31 अगस्त तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में चुनाव लड़ने के लिए 43,223 उम्मीदवारों ने कुल 54,339 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
आज होगी नामांकन पत्रों की जांच
स्क्रूटनी के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर उम्मीदवारों की पात्रता और नामांकन पत्रों में दर्ज जानकारी की जांच करेंगे। नियमों के तहत एक ही उम्मीदवार की ओर से एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की स्थिति में अतिरिक्त नामांकन पत्रों को भी नियमानुसार निस्तारित किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की संख्या को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।
जयपुर नगर निगम में 1,253 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए कुल 1,253 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इन उम्मीदवारों की ओर से कुल 1,392 नामांकन पत्र जमा किए गए।
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन जयपुर में रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालयों पर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली। सोमवार सुबह से दोपहर 3 बजे तक बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
अब स्क्रूटनी के बाद पता चलेगा कि इनमें से कितने उम्मीदवार अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहेंगे।
3 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे उम्मीदवार
नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
4 सितंबर को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न
अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही 309 नगरीय निकायों के चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आ जाएगी।
इसके बाद उम्मीदवार अपने-अपने वार्डों में चुनाव प्रचार को तेज करेंगे और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच बनाएंगे।




