सिरसा में रेलवे ट्रैक के बीच फंसी कार, फाटक बंद होते ही मची अफरा-तफरी
जल्दबाजी में लाइन पार कर रहा था ड्राइवर, फाटक बंद होने पर बीच ट्रैक में अटकी हुंडई; RPF ने कार हटवाकर इंजन की कराई क्रॉसिंग

सिरसा शहर के ओल्ड कोर्ट रोड रेलवे फाटक पर मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हुंडई कार रेलवे ट्रैक के बीच फंस गई और इसी दौरान फाटक बंद हो गया। बताया गया कि सुरतगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन के इंजन की क्रॉसिंग होनी थी और कार चालक जल्दबाजी में फाटक से रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी बीच फाटक बंद हो गया और कार लाइनों के बीचों-बीच अटक गई। फाटक के दोनों ओर मौजूद वाहन चालकों ने यह नजारा देखा तो हैरान रह गए और कई लोगों ने इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कार चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया और फाटक खोलने की मांग भी की, लेकिन रेलवे नियमों के अनुसार क्रॉसिंग की प्रक्रिया पूरी होने से पहले फाटक खोलना संभव नहीं था। फाटक पर तैनात गार्ड ने तुरंत RPF को सूचना दी, जिसके बाद जवानों ने मौके पर पहुंचकर कार को रेलवे लाइन से सुरक्षित दूरी पर हटवाया और इसके बाद इंजन की क्रॉसिंग कराई गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फाटक बंद होने के दौरान ट्रैक पर खड़ी कार और पास से गुजरता इंजन दिखाई दे रहा है। रेलवे के अनुसार एक बार फाटक बंद होने के बाद निर्धारित क्रॉसिंग और सिग्नल प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उसे खोला जाता है। स्टेशन के नजदीक होने के कारण इस मार्ग पर डबल फाटक की व्यवस्था भी है, जो अलग-अलग समय पर बंद होते हैं। RPF के मुताबिक रेलवे ट्रैक पर इस तरह जल्दबाजी में वाहन ले जाना गंभीर लापरवाही है और संबंधित चालक के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई या मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।

