Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
राजस्थान

हनुमानगढ़ में डिग्गी में डूबने से 2 भाइयों समेत 3 बच्चों की मौत

पैर फिसलने से पानी में गिरा एक बच्चा, बचाने के लिए तीन साथी भी कूदे; ग्रामीणों ने एक बच्चे को सुरक्षित निकाला

हनुमानगढ़। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र के बरमसर गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल से जुड़ी सिंचाई की पानी की डिग्गी में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे में एक बच्चे को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार चार बच्चे भेड़ चराने के दौरान डिग्गी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बाकी तीन बच्चे भी डिग्गी में कूद गए। गहराई अधिक होने और बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण तीन बच्चे डूब गए।

ग्रामीणों ने एक बच्चे को बचाया

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने चारों बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया और रामचंद्र को सुरक्षित निकाल लिया

वहीं बजरंग, कंवरपाल और सुनील को ग्रामीणों ने पानी से बाहर निकाला। तीनों को गंभीर हालत में रावतसर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भेड़ चराने गए थे चारों बच्चे

एसपी बी. आदित्य के अनुसार बरमसर गांव के रामचंद्र (14), बजरंग (18), कंवरपाल (15) और सुनील (14) रविवार शाम करीब 4 बजे भेड़ चराने गए थे।

इसी दौरान वे कुंभाराम आर्य लिफ्ट कैनाल से जुड़ी बीएसआर-11 सिंचाई डिग्गी के किनारे पहुंच गए। यहां पैर फिसलने से एक बच्चा पानी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए।

एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसपी बी. आदित्य रावतसर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और सुरक्षित बचाए गए बच्चे से भी मुलाकात की।

एसपी ने मृतक बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली। इस दौरान रावतसर सीओ विक्रम चौहान और थानाधिकारी अजय कुमार मौजूद रहे।

दो सगे भाइयों और इकलौते भाई की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले बजरंग और कंवरपाल सगे भाई थे। वहीं सुनील अपने परिवार में 7 बहनों का इकलौता भाई था।

एक ही गांव के तीन किशोरों की मौत के बाद बरमसर गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

डिग्गियों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हादसे के बाद खेतों में बनी खुली पानी की डिग्गियों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन डिग्गियों के किनारे अक्सर न तो सुरक्षा बाड़ होती है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बच्चों और पशुओं के डिग्गियों के पास पहुंचने से हादसे का खतरा बना रहता है। जिले में ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने खुले जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।

Keywords

Hanumangarh News, Rawatsar News, Baramsar Village, Drowning Accident, Rajasthan News, Hanumangarh Crime News, Water Tank Accident, Canal News, Children Drowning, Rawatsar Police

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!