पोलो क्लब ग्राउंड पर फ्लडलाइट्स में हुआ पोलो मैच: जयपुर ने जयगढ़ को 9-4 से हराया, सवाई पद्मनाभ सिंह ने दागे 7 गोल
फ्लडलाइट्स में खेले गए एफएचटीआर पोलो कप में जयपुर की शानदार जीत, सवाई पद्मनाभ सिंह ने अकेले दागे 7 गोल

जयपुर। राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) 2026 के तहत चल रहे वार्षिक सितंबर जयपुर पोलो सीजन में शुक्रवार रात राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर एफएचटीआर पोलो कप एग्जीबिशन मैच खेला गया। फ्लडलाइट्स की रोशनी में हुए मुकाबले में टीम जयपुर ने टीम जयगढ़ को 9-4 से हराकर एफएचटीआर पोलो कप अपने नाम किया।
मैच देखने के लिए ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधि, देश के अलग-अलग हिस्सों से आए खरीदार और आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे। नाइट पोलो के आयोजन ने जयपुर की पारंपरिक पोलो विरासत के साथ पर्यटन को जोड़ने की संभावनाओं को भी सामने रखा।
सवाई पद्मनाभ सिंह ने किए 7 गोल
टीम जयपुर की जीत में सवाई पद्मनाभ सिंह का अहम योगदान रहा। उन्होंने अकेले 7 गोल दागे। वहीं मयूरध्वज सिंह तालाबगांव ने टीम के लिए 2 गोल किए। टीम में प्रताप सिंह कानोता और दिव्यमान सिंह दूजोद भी शामिल रहे।
टीम जयगढ़ की ओर से डीनो धनखड़ ने 3 गोल किए, जबकि कर्नल वी.एस. काहलों, वीएसएम ने 1 गोल किया। टीम में रणशय पुरोहित और कुलदीप सिंह राठौड़ भी खेले।
नाइट पोलो को पर्यटन से जोड़ने की पहल
आरडीटीएम में शामिल ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने फ्लडलाइट्स में खेले गए इस मुकाबले का आनंद लिया। आयोजन के जरिए पोलो को राजस्थान के पर्यटन आकर्षण के तौर पर पेश किया गया। खास तौर पर नाइट पोलो को जयपुर के नाइट टूरिज्म से जोड़ने की संभावनाओं पर जोर दिया गया।
पद्मनाभ सिंह बोले- नाइट पोलो से पर्यटकों को नया अनुभव
सवाई पद्मनाभ सिंह ने कहा कि जयपुर में नाइट टूरिज्म के लिए पर्यटकों के पास पहले सीमित विकल्प थे। ऐसे में नाइट पोलो एक नया विकल्प बन सकता है। इससे पर्यटकों को पारंपरिक रॉयल गेम को करीब से देखने और उससे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस बार पोलो सीजन लंबा चलने वाला है और कई मुकाबले आयोजित होंगे। इससे पोलो सीजन के दौरान जयपुर आने वाले पर्यटकों को अलग तरह का अनुभव मिल सकता है।
टीम के प्रदर्शन पर भी बोले पद्मनाभ सिंह
अपने प्रदर्शन और टीम को लेकर पद्मनाभ सिंह ने कहा कि टीम फिलहाल अच्छा खेल रही है और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि टीम इस सीजन में कुछ टूर्नामेंट के फाइनल में भी खेल सकती है।
फ्लडलाइट्स में आयोजित इस मुकाबले ने जयपुर की पोलो परंपरा, खेल और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का अवसर दिया। आरडीटीएम के प्रतिनिधियों के लिए यह आयोजन राजस्थान की खेल विरासत और पर्यटन अनुभव को करीब से देखने का मौका रहा।




