जयपुर में BJP के 150 वार्डों के लिए 2500 से ज्यादा आवेदन: करीब 1000 महिलाओं ने मांगा टिकट, 29 अगस्त के आसपास आ सकती है पहली लिस्ट
पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता, सर्वे में जीत की संभावना भी होगी अहम; कांग्रेस से BJP में आए नेताओं को भी मिल सकता है मौका

जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी जयपुर में इस बार करीब 24 लाख मतदाता 150 वार्डों में अपने पार्षद चुनेंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही भाजपा में टिकट के लिए दावेदारी तेज हो गई है।
जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल के मुताबिक, 150 वार्डों के लिए अब तक 2500 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इनमें करीब 1000 बायोडाटा महिलाओं के हैं। खास बात यह है कि महिलाओं ने सामान्य यानी अनारक्षित वार्डों से भी बड़ी संख्या में टिकट की दावेदारी की है।
पुराने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता
अमित गोयल के अनुसार भाजपा टिकट वितरण में सबसे पहले उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी, जो लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वार्ड में उनकी सक्रियता, जनसेवा, जनता के बीच पकड़ और सामाजिक समीकरण भी देखे जाएंगे।
सिर्फ आवेदन करने से टिकट तय नहीं होगा। पार्टी स्तर पर सर्वे कराया जाएगा और उम्मीदवार की जीतने की संभावना को भी प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
कांग्रेस से BJP में आए नेताओं को भी मौका
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए भी टिकट का रास्ता बंद नहीं है। गोयल के अनुसार यदि पार्टी के सर्वे में कोई ऐसा नेता मजबूत और जिताऊ दावेदार सामने आता है, तो उसे टिकट दिया जा सकता है।
हालांकि, यदि उसी वार्ड में कोई पुराना भाजपा कार्यकर्ता ज्यादा मजबूत पाया जाता है, तो पार्टी पुराने कार्यकर्ता को प्राथमिकता देगी।
सामान्य वार्डों में महिलाओं पर भी नजर
भाजपा सामान्य वार्डों में मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। ऐसे वार्डों में महिला और पुरुष दोनों दावेदारी कर सकते हैं।
पार्टी के अनुसार यदि किसी सामान्य वार्ड में महिला उम्मीदवार की जीत की संभावना ज्यादा दिखाई देती है, तो उसे भी टिकट दिया जा सकता है। करीब 1000 महिलाओं के आवेदन आने से टिकट चयन में महिला दावेदारों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
जिला पदाधिकारी भी मांग सकते हैं टिकट
भाजपा के जिला पदाधिकारियों की दावेदारी पर भी विचार किया जाएगा। हालांकि केवल संगठन में पद होना टिकट की गारंटी नहीं होगा। सर्वे में मजबूत स्थिति और जीत की संभावना होने पर ही ऐसे पदाधिकारियों को टिकट मिल सकता है।
अमित गोयल बोले- पार्टी कहेगी तो चुनाव लड़ूंगा
जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल के खुद चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। फिलहाल उनका फोकस संगठन को चुनाव लड़ाने पर है।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का आदेश देती है तो पार्टी का आदेश सर्वोपरि होगा।
31 अगस्त से पहले आ सकती है उम्मीदवारों की सूची
टिकट की सूची जारी होने की तारीख को लेकर गोयल ने कोई निश्चित तारीख नहीं बताई। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि 31 अगस्त आवेदन की अंतिम तारीख है और इसके दो-तीन दिन पहले भी उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है।
इस हिसाब से 29 अगस्त के आसपास भाजपा की सूची आने की संभावना जताई जा रही है।
150 वार्डों पर 2500 से ज्यादा दावेदार
जयपुर में भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती 150 वार्डों के लिए हजारों दावेदारों में से जिताऊ चेहरे चुनने की है। पार्टी पुराने कार्यकर्ताओं, नए चेहरों, कांग्रेस से आए नेताओं और महिला दावेदारों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेगी।
अंतिम चयन में संगठन में सक्रियता, जनसेवा, सामाजिक समीकरण, वार्ड में पकड़ और जीत की संभावना अहम भूमिका निभा सकते हैं।




