कुंभ में घाट से हर 200 मीटर पर बनेंगे एंट्री-एग्जिट पॉइंट
अधिकारियों ने 6 किमी पैदल चलकर परखी व्यवस्थाएं, अब रोज सुबह होगा निरीक्षण

उज्जैन। सिंहस्थ कुंभ 2028 के आयोजन में अभी दो वर्ष का समय बाकी है, लेकिन प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्नान व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर शनिवार सुबह मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा समेत करीब 30 अधिकारियों की टीम ने क्षिप्रा नदी के घाटों का निरीक्षण किया।
6 किलोमीटर पैदल चलकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
अधिकारियों का दल सुबह 6 बजे शनि मंदिर से पैदल निकला और वाकणकर ब्रिज तक करीब 6 किलोमीटर चलते हुए लगभग 29 किलोमीटर लंबे घाट क्षेत्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नवनिर्मित घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और एंट्री-एग्जिट व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु घाटों तक आसानी से कैसे पहुंचेंगे। पार्किंग से घाट तक पहुंचने के मार्ग, स्नान के बाद सुरक्षित निकासी, सड़क कनेक्टिविटी और भीड़ नियंत्रण को लेकर मौके पर ही मंथन किया गया।
हर 200 मीटर पर बनेंगे एंट्री और एग्जिट पॉइंट
संभागायुक्त एवं मेला अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि अब रोजाना सुबह 6 बजे घाटों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घाट तो तैयार हो रहे हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण सवाल श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही का है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगभग हर 200 मीटर पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट बनाए जाएंगे।
चेंजिंग रूम और लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी विकसित
प्रशासन द्वारा घाटों तक पहुंचने के लिए सड़कों की कनेक्टिविटी, चेंजिंग रूम, लाइटिंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा। अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक दिन में 5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान एक ही दिन में करीब पांच करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की संभावना को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। पार्किंग से लेकर घाट तक पहुंचने और सुरक्षित निकासी तक हर पहलू पर प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




