अब दिसंबर में होगी टीईटी, 5 अक्टूबर तक आवेदन; फरवरी-मार्च की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए फैसला
टीईटी दिसंबर में होगी, 5 अक्टूबर तक आवेदन; ऑफलाइन परीक्षा में नहीं होगी माइनस मार्किंग

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) अब अक्टूबर के बजाय दिसंबर में कराए जाने की तैयारी है। परीक्षा की तारीख फिलहाल तय नहीं हुई है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार इसे दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में आयोजित किए जाने पर विचार किया जा रहा है।
पहले यह परीक्षा अक्टूबर में ऑनलाइन मोड में आयोजित की जानी थी। मुख्यमंत्री की ओर से परीक्षा ऑफलाइन कराने की घोषणा के बाद परीक्षा एजेंसी में बदलाव किया गया है। अब माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
5 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे आवेदन
टीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और 5 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। परीक्षा की अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम का ड्राफ्ट इसी महीने तैयार होने की संभावना बताई गई है।
फरवरी और मार्च 2027 में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इसी वजह से बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टीईटी दिसंबर में कराने पर चर्चा चल रही है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में परीक्षा कराने और जनवरी 2027 में परिणाम जारी करने की तैयारी है।
ऑफलाइन होगी परीक्षा, नहीं होगी माइनस मार्किंग
सेवारत शिक्षकों के लिए होने वाली पात्रता परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र में वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को उत्तर ओएमआर शीट पर काले या नीले पेन से संबंधित गोला भरकर देना होगा। परीक्षा में माइनस मार्किंग नहीं रखे जाने की जानकारी दी गई है।
आवेदकों की संख्या के आधार पर बनेंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा केंद्रों की संख्या आवेदन करने वाले शिक्षकों की वास्तविक संख्या के आधार पर तय की जाएगी। प्रयास किया जा रहा है कि अभ्यर्थियों को उनके निवास स्थान से अपेक्षाकृत कम दूरी वाले नजदीकी केंद्र आवंटित किए जाएं।
यदि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक रहती है तो परीक्षा केंद्र बढ़ाए जाएंगे। वहीं आवेदन कम होने पर सीमित संख्या में केंद्र बनाए जाने की योजना है।
पदवृद्धि की मांग को लेकर मंत्री आवास पर धरने की तैयारी
इसी बीच स्कूल शिक्षा विभाग में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना करीब सात दिनों से जारी है। अब प्रदर्शनकारी विभागीय मंत्री के बंगले पर धरना देने की तैयारी कर रहे हैं।
धरने पर भूख हड़ताल कर रहे नरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात के दौरान पदवृद्धि को लेकर आश्वासन मिला था, लेकिन अभी तक संबंधित आदेश जारी नहीं हुआ है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पदवृद्धि की मांग पर स्पष्ट निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हमारे मठ
हम बोलते हैं सच, बिना डर
RNI NO. HARHIN/2023/90591



